कुपोषण रोकने के लिए कलेक्टर तुलिका प्रजापति की पहल, गर्भवती महिलाओं और बच्चों को बांटे जाएंगे मुनगा के पौधे

Spread the love

कवर्धा : कबीरधाम जिले में कुपोषण की रोकथाम के लिए कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं, एनीमिया से पीड़ित महिलाओं और छोटे बच्चों को चिन्हित कर मुनगा के पौधे वितरित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पौधों का समुचित वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।

कलेक्टर ने 13 अक्टूबर को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कामकाज और लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान ये निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में इस संबंध में कार्ययोजना बनाने को कहा।

ई-ऑफिस के क्रियान्वयन में टॉप-5 जिलों में कबीरधाम

बैठक में कलेक्टर ने ई-ऑफिस के क्रियान्वयन में कबीरधाम जिले के शीर्ष पांच जिलों में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इसके लिए अधिकारी-कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को कार्यालयीन कार्य ई-ऑफिस के माध्यम से संपादित करने के निर्देश दिए। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में संबंधित लिपिकों का प्रशिक्षण आयोजित करने को भी कहा।

ये भी पढ़े :सोने की कीमतें गिरीं, फिर भी चीन ने खरीदा 23 टन गोल्ड! आखिर क्या है ड्रैगन की रणनीति?

सुबह 10 बजे और शाम 5:30 बजे बायोमेट्रिक हाजिरी जरूरी

कलेक्टर ने विभागवार लंबित समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित अवधि में उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की भी समीक्षा की।

सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया कि उनके अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारी कार्यस्थल पर पहुंचने के बाद सुबह 10 बजे और कार्यालय से प्रस्थान करते समय शाम 5:30 बजे अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करें।

मेडिकल कॉलेज और छात्रावास की व्यवस्थाओं की समीक्षा

कलेक्टर ने कवर्धा स्थित शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल और छात्रावास की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डीन और छत्तीसगढ़ मेडिकल कार्पोरेशन के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में शत-प्रतिशत गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को मेडिकल कॉलेज के छात्रावास का संयुक्त रूप से निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेने और जरूरी सुधार सुनिश्चित करने को कहा।

हाईकोर्ट में लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश

बैठक में विभिन्न विभागों के उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को इन मामलों का निर्धारित समय-सीमा में प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिले में आयोजित सेवा सेतु शिविरों में प्राप्त आवेदनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उनका शीघ्र निराकरण करने को कहा। वहीं, सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को पोर्टल में प्रविष्टि का कार्य निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए।

एकलव्य विद्यालय की व्यवस्थाओं का भी होगा निरीक्षण

कलेक्टर ने बोड़ला विकासखंड के तरेगांव स्थित शासकीय एकलव्य आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संयुक्त रूप से विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा और सागर सिंह राज, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *