24 घंटे की मूसलाधार बारिश से गरियाबंद बेहाल: नदी-नाले उफान पर, सड़क संपर्क टूटा, खेत बने तालाब, जनजीवन अस्त-व्यस्त

Spread the love

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद : पिछले लगभग 24 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने गरियाबंद जिले में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। जिले की अधिकांश नदियां और नाले उफान पर हैं, जिससे कई पुल-पुलियों के ऊपर पानी बहने लगा है। परिणामस्वरूप दर्जनों मार्ग बंद हो गए हैं और सैकड़ों गांवों का संपर्क ब्लॉक एवं जिला मुख्यालय से कट गया। लगातार बारिश के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।बारिश का सबसे अधिक असर ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। कई स्थानों पर खेतों में इतना पानी भर गया है कि वे तालाब जैसे नजर आने लगे हैं। किसानों द्वारा बड़ी मेहनत से बोई गई खरीफ फसलें जलभराव की चपेट में आ गई हैं, जिससे व्यापक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। यदि बारिश का सिलसिला जल्द नहीं थमा तो किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ सकती है।

लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से नदी और पुलिया पार करने के दौरान पानी के तेज बहाव में बह जाने से एक-दो लोगों की मौत की खबरें भी सामने आई हैं। इन घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे उफनती नदियों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं।मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिले के कई सरकारी विद्यालयों में समय से पहले छुट्टी कर दी गई, जबकि अनेक निजी विद्यालयों ने एहतियात के तौर पर आज अवकाश घोषित कर दिया। अभिभावकों और विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया।
इधर, बिन्द्रानवागढ़ क्षेत्र के प्रसिद्ध सिकासार जलाशय का गेट भी खोल दिया गया है, जिससे नदियों में पानी का बहाव और तेज हो गया है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा नदी किनारे अनावश्यक रूप से नहीं जाने की सलाह दी है।

लगातार हो रही बारिश का असर विद्युत व्यवस्था पर भी पड़ा है। तेज बारिश और खराब मौसम के कारण जिले के अनेक गांवों में पिछले 24 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। ग्रामीण अंधेरे में रात बिताने को मजबूर हैं, वहीं पेयजल व्यवस्था, संचार और दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। बिजली विभाग की टीमें मौसम सामान्य होने का इंतजार कर रही हैं ताकि बाधित आपूर्ति को जल्द बहाल किया जा सके।

मौसम विभाग के अनुसार जिले में फिलहाल बारिश का दौर पूरी तरह थमा नहीं है और रुक-रुक कर वर्षा जारी है। ऐसे में नदी-नालों का जलस्तर और बढ़ने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन दल से तत्काल संपर्क करने की अपील की है। यदि बारिश का यही सिलसिला जारी रहा तो जिले में बाढ़ जैसे हालात बनने से इनकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *