एकलव्य स्कूल में छात्राओं से बैड टच का मामला, CM साय के निर्देश के बाद प्राचार्य हटाए गए; आरोपी शिक्षक फरार

Spread the love

बीजापुर: भोपालपट्टनम विकासखंड के रुद्रारम स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं से कथित बैड टच के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के बाद कलेक्टर ने स्कूल के प्राचार्य को पद से हटा दिया है। जांच प्रभावित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए प्राचार्य का प्रभार वाइस प्राचार्य को सौंपा गया है।

मामले में कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दय्या के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और POCSO एक्ट, 2012 की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की जा चुकी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी शिक्षक फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

सात छात्राओं ने कलेक्टर से की थी शिकायत

एकलव्य आवासीय विद्यालय में कथित छेड़छाड़ के मामले में सात छात्राओं ने एक साथ बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत सामने आने के बाद कलेक्टर ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए।

मामले की जानकारी रविवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक पहुंची। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर और एसपी को मामले की गंभीरता से जांच करने और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

ये भी पढ़े :त्योहारों में DJ बजाने वालों सावधान! रायपुर पुलिस ने 2 संचालकों पर की कार्रवाई, नियम तोड़े तो खैर नहीं

आरोपी शिक्षक के खिलाफ POCSO में FIR

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर भोपालपट्टनम थाने में आरोपी कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दय्या के खिलाफ अपराध दर्ज किया। पुलिस ने BNS और POCSO अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार आरोपी शिक्षक फिलहाल फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमों द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जांच के बीच प्राचार्य हटाए गए

प्रशासन ने जांच की निष्पक्षता और प्रक्रिया को प्रभावित होने से रोकने के लिए एकलव्य स्कूल के प्राचार्य को पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर वाइस प्राचार्य को प्राचार्य का प्रभार सौंपा गया है।

अब जांच के दायरे में प्राचार्य की भूमिका के साथ-साथ इस मामले से संबंधित पूर्व शिकायतों और स्कूल प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई की भी पड़ताल की जाएगी।

CM साय ने दिए थे सख्त कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि छात्राओं से जुड़े इस संवेदनशील मामले में तेजी से कार्रवाई की जाए और जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई हो।

फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के साथ ही मामले में सामने आने वाले नए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *