खाद की नीलामी टली तो भड़के किसान, समोदा-लवन मार्ग पर चक्काजाम; प्रशासन के आश्वासन के बाद खुला रास्ता

Spread the love

आरंग : विकासखंड आरंग के ग्राम समोदा स्थित मेसर्स महानदी बीज भंडार में जब्त 35.05 मीट्रिक टन उर्वरक की प्रस्तावित लोक नीलामी गुरुवार को स्थगित होने पर किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। नीलामी की उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने विरोध स्वरूप समोदा-लवन मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार, नीलामी की सूचना मिलने पर समोदा सहित आसपास के कई गांवों से सैकड़ों किसान खरीफ सीजन के लिए खाद खरीदने पहुंचे थे। मौके पर पहुंचने के बाद जब उन्हें नीलामी स्थगित होने की जानकारी मिली तो किसानों ने नाराजगी जताते हुए सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और चक्काजाम कर दिया।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। आरंग थाना प्रभारी सहित पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा किसानों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने आंदोलन समाप्त किया, जिसके बाद यातायात पुनः सामान्य हो सका।

ये भी पढ़े :आरंग में BJP बनाम BJP! अपनी ही नगर पालिका के खिलाफ भाजपा पार्षदों का मोर्चा, धरने की चेतावनी

समोदा के नायब तहसीलदार टोमन मनहरे ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार गुरुवार को जब्त खाद की लोक नीलामी प्रस्तावित थी, लेकिन उसी दिन कलेक्टर की बैठक होने के कारण संबंधित अधिकारी बैठक में व्यस्त रहे। इसी वजह से नीलामी को अगले दिन आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया। उन्होंने कहा कि नीलामी स्थगित होने की सूचना से किसान नाराज हो गए थे, लेकिन समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त कर दिया गया और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

खरीफ सीजन के दौरान खाद की बढ़ती मांग के बीच नीलामी स्थगित होने से किसानों में नाराजगी देखी गई। अब किसानों की निगाहें प्रशासन द्वारा घोषित नई नीलामी तिथि पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *