भारी बारिश से रेल यातायात बेहाल! रायपुर पहुंचने वाली कई ट्रेनें 1 से 5 घंटे तक लेट, यात्री परेशान

Spread the love

रायपुर :  छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब रेल यातायात पर भी दिखाई देने लगा है। बारिश के बीच रायपुर स्टेशन पहुंचने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनें शुक्रवार को घंटों देरी से पहुंचीं। कुछ ट्रेनों का विलंब 1 से 3 घंटे तक रहा, जबकि कई ट्रेनों की देरी इससे भी अधिक दर्ज की गई।

ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, दुर्ग से रायपुर के बीच लोकल ट्रेनों को आउटर पर लंबे समय तक रोके जाने की जानकारी सामने आई है, जिससे करीब एक घंटे का सफर भी काफी लंबा हो रहा है।

 समता से लेकर दुर्ग-पुरी एक्सप्रेस तक लेट

शुक्रवार को रायपुर पहुंचने वाली कई प्रमुख ट्रेनें निर्धारित समय से काफी देर से पहुंचीं। जानकारी के अनुसार,

समता एक्सप्रेस करीब 3 घंटे लेट

पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस करीब 2 घंटे 45 मिनट लेट

दुर्ग-पुरी एक्सप्रेस करीब 3 घंटे 45 मिनट लेट

विशाखापट्टनम-दुर्ग एक्सप्रेस करीब 2 घंटे लेट

ट्रेनों की देरी के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 एक महीने से अंबिकापुर एक्सप्रेस भी प्रभावित

अंबिकापुर एक्सप्रेस को लेकर भी यात्रियों की परेशानी बढ़ी हुई है। ट्रेन के रायपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 8:30 बजे है, लेकिन यात्रियों के अनुसार पिछले करीब एक महीने से ट्रेन अक्सर 3 से 4 घंटे की देरी से रायपुर पहुंच रही है।

वापसी के दौरान भी ट्रेन के घंटों विलंब से चलने की जानकारी सामने आ रही है। इसके चलते अंबिकापुर में यात्रियों को ट्रेन के इंतजार में कई बार रात 12 से 1 बजे तक स्टेशन पर रुकना पड़ रहा है।

ये भी पढ़े :महासमुंद में मानव तस्करी सिंडिकेट पर बड़ा प्रहार, 10 ठिकानों पर छापा; ₹1.48 करोड़ कैश समेत दस्तावेज जब्त

 रास्ते में बढ़ती गई ट्रेन की देरी

बारिश के बीच ट्रेनों की देरी का असर उनके पूरे रूट पर दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे के बीच रायपुर पहुंचने वाली कई ट्रेनें 2 से 5 घंटे तक विलंबित रहीं। इनमें लोकल और एक्सप्रेस दोनों ट्रेनें शामिल थीं।

संपर्क क्रांति एक्सप्रेस दुर्ग से रवाना होने के बाद रायपुर पहुंचने तक करीब 9 मिनट लेट थी। भाटापारा पहुंचने तक देरी बढ़कर 29 मिनट, उसलापुर तक 31 मिनट और पेंड्रारोड तक करीब 1 घंटे 40 मिनट हो गई। शहडोल पहुंचते-पहुंचते ट्रेन करीब 2 घंटे 3 मिनट विलंबित हो चुकी थी।

इसी तरह साउथ बिहार एक्सप्रेस दुर्ग से निर्धारित समय पर रवाना हुई, लेकिन रायपुर पहुंचने में करीब 5 मिनट की देरी हुई। तिल्दा तक पहुंचते-पहुंचते यह देरी 31 मिनट हो गई, जबकि सक्ती पहुंचने तक ट्रेन करीब 1 घंटे 12 मिनट लेट हो चुकी थी।

 स्टेशन पर घंटों इंतजार कर रहे यात्री

शहडोल होकर रायपुर पहुंचने वाली कई ट्रेनों के भी लगातार विलंबित चलने की जानकारी सामने आई है। इनमें सारनाथ और अमरकंटक एक्सप्रेस समेत करीब आधा दर्जन ट्रेनें शामिल हैं, जो यात्रियों के मुताबिक रोजाना करीब 3 घंटे या उससे अधिक देरी से रायपुर पहुंच रही हैं।

अमरकंटक एक्सप्रेस के भी रोजाना करीब 3 घंटे विलंब से रायपुर पहुंचने की जानकारी है।

यात्री ट्रेनों के निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पहुंच रहे हैं, लेकिन ट्रेनें समय पर नहीं आने के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। खास बात यह है कि दुर्ग और बिलासपुर से ट्रेनें समय पर रवाना होने के बावजूद रायपुर पहुंचते-पहुंचते कई लोकल ट्रेनें भी 1 से 2 घंटे तक विलंबित हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *