रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक बार फिर जंगली हाथियों का आतंक देखने को मिला है। गुरुवार सुबह बंगुरसिया सर्किल में एक हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं, रायगढ़–सुंदरगढ़ राष्ट्रीय मार्ग पर 20 से अधिक हाथियों का झुंड सड़क पार करता रहा, जिससे घंटों तक यातायात बाधित रहा और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सुबह 4 बजे हाथी ने किया हमला, ग्रामीण गंभीर घायल
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 4 बजे बंगुरसिया चौक के पास प्रकाश साव अपने दो बेटों के साथ जा रहे थे। इसी दौरान अचानक सामने आए जंगली हाथी ने उन्हें अपनी सूंड से जोरदार धक्का मार दिया। हमले में प्रकाश साव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल है।
20 से अधिक हाथियों का झुंड सड़क पर, घंटों लगा जाम
इधर, रायगढ़–सुंदरगढ़ मार्ग पर ग्राम बंगुरसिया के पास 20 से अधिक हाथियों का झुंड, जिनमें कई शावक भी शामिल थे, सड़क पार करता दिखाई दिया। हाथियों की मौजूदगी के चलते सुरक्षा कारणों से मार्ग को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
वन विभाग अलर्ट, लोगों से सावधानी बरतने की अपील
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी। विभाग ने रायगढ़–सुंदरगढ़ और रायगढ़–तमनार मार्ग से गुजरने वाले लोगों से सतर्क रहने और हाथियों के नजदीक न जाने की अपील की है।
वन अधिकारियों के अनुसार, हाथियों के दल की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

