जज, कलेक्टर और SP पहुंचे उप जेल सक्ती, बंदियों से जुड़ी व्यवस्थाओं की हुई गहन जांच

Spread the love

सक्ती :  उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों के तहत डिस्ट्रिक्ट विजिटर्स बोर्ड की टीम ने उप जेल सक्ती का निरीक्षण किया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जांजगीर-चांपा के मार्गदर्शन में हुए निरीक्षण में द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश लीना अग्रवाल, कलेक्टर जयश्री जैन और पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल सिंह ठाकुर समेत बोर्ड के सदस्य शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान टीम ने उप जेल में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, विधिक सहायता और जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

विधिक सहायता और लीगल एड क्लिनिक की जांच

डिस्ट्रिक्ट विजिटर्स बोर्ड ने पैरालीगल वालेंटियर्स के माध्यम से बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता की व्यवस्था की समीक्षा की। टीम ने जिला जेल स्थित लीगल एड क्लिनिक का भी निरीक्षण किया और बंदियों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इसके अलावा बंदियों के परिजनों के लिए बनाए गए मुलाकाती हेल्प डेस्क, जेल में स्थापित वीसी कक्ष, मुलाकात कक्ष और जेल भवन की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।

बैरक से भोजन-पानी तक व्यवस्थाओं की पड़ताल

निरीक्षण के दौरान टीम ने जेल की बैरकों, शौचालय, पेयजल व्यवस्था और प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। बंदियों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई।

ये भी पढ़े :झीरम घाटी केस में बड़ा अपडेट, 10 दोषियों की मौत की सजा को हाईकोर्ट में दी गई चुनौती

टीम ने जेल में स्थापित शिकायत पेटी और बंदियों की शिकायतों से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।

बंदियों की समस्याओं और रजिस्टरों की भी समीक्षा

निरीक्षण के दौरान बंदियों के प्रकरणों में सामने आने वाली समस्याओं के संबंध में जानकारी ली गई। जेल के अंतर्गत रखे जाने वाले विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों का भी अवलोकन किया गया।

इसके साथ ही जेल परिसर और संबंधित अभिलेखों में जाति भेदभाव से जुड़े मामलों के संबंध में उपलब्ध जानकारी की भी समीक्षा की गई।

ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सक्ती सुभद्रा गोयल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर मनोज कुमार कुशवाहा, न्यायिक मजिस्ट्रेट सक्ती अंकित देवदास, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी विजय टाण्डे, मुख्य कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग एस.एस. टाण्डे, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र शोभेंद नायक, जिला रोजगार अधिकारी एम.आर. जायसवाल, उपसंचालक समाज कल्याण विभाग मेवालाल झारिया, उपसंचालक कृषि विभाग तरुण कुमार प्रधान, सहायक संचालक उद्यान संजना बंजारे, सहायक जेल अधीक्षक विजय पटेल सहित लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता त्रिभुवन प्रसाद जांगड़े और मनीष साहू समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *