कवर्धा : कबीरधाम जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सिटी कोतवाली पुलिस ने विभिन्न मामलों में जारी गिरफ्तारी वारंटों की तामिली करते हुए 8 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। वहीं, विवाद और शांति भंग की आशंका को देखते हुए 6 आदतन बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वारंटियों की धरपकड़ के साथ असामाजिक तत्वों पर भी कार्रवाई की।
इन 8 वारंटियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने विभिन्न प्रकरणों में जारी गिरफ्तारी वारंटों के आधार पर विजय कुमार साहू (45), रोहित साहू (45), रूपेश देवदास (38), उदल जायसवाल (58), विकास साहू (19), दुखीराम उर्फ गोरखा जांगड़े (50), संजय धुर्वे (21) और मोहन चंदौल (42) को गिरफ्तार किया। सभी को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस, 6 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
इधर, थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के बिलासपुर रोड स्थित शराब भट्ठी के पास छोटे पुलिया में दो गुटों के बीच विवाद की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विवाद को शांत कराने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक समझाइश के बावजूद संबंधित लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। ऐसे में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी संज्ञेय अपराध की आशंका को रोकने के उद्देश्य से 6 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई की जद में खेलावन उर्फ खेमू (28), कैलाश बंजारे उर्फ गब्बर (20), प्रीतम कुर्रे (20), सचिन कोसले (26), यशवंत मेरावी (23) और लक्ष्मण मेरावी (25) आए।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, वारंटियों की धरपकड़ तथा अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




