बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह को भव्य, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न करने के उद्देश्य से एसपी बेमेतरा त्रिलोक बंसल (IPS) एवं जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता मंडावी ने बेमेतरा के ऐतिहासिक बेसिक स्कूल परेड ग्राउंड में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली सेरेमोनियल परेड को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं, एसपी बेमेतरा श्री त्रिलोक बंसल (IPS) एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री प्रेमलता मंडावी ने ऐतिहासिक बेसिक स्कूल परेड ग्राउंड बेमेतरा में चल रहे परेड के पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की अनुशासन, समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी बेमेतरा त्रिलोक बंसल ने मौजूद अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय, अनुशासित और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो। उन्होंने पूर्वाभ्यास को और अधिक सुदृढ़ करने तथा तय मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिला एवं पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बेमेतरा पुलिस 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल बनाने के लिए पूरी तरह तत्पर है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परेड, झांकी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंच व्यवस्था, ध्वजारोहण, अतिथि स्वागत, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित आवश्यक व्यवस्थाओं की बिंदुवार जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा – निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ सुश्री प्रेमलता मंडावी ने मंच व्यवस्था, बैठक क्षमता, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग, दिव्यांग जन एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधा, पेयजल व्यवस्था प्रबंध की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि किसी भी आगंतुक को असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह केवल शासकीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का उत्सव है, जिसमें जिले के नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति अत्यंत महत्वपूर्ण है। अतः सभी व्यवस्थाएं जनहित केंद्रित हों।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा सोनल ग्वाला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी, जवान एवं स्कूली छात्र – छात्राएं उपस्थित रहे।

