बेमेतरा में प्रशासन सख्त: लंबित प्रकरणों पर CEO प्रेमलता पद्माकर ने अफसरों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Spread the love

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे :  जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेमलता पद्माकर ने आज जिला कार्यालय के दिशा सभाकक्ष में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों एवं शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभागवार कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, समय-सीमा एवं जनशिकायतों से संबंधित लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता एवं गंभीरता से निराकरण करने तथा शिकायतकर्ता को संतुष्टिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही समय-सीमा वाले प्रकरणों का निराकरण निर्धारित डेडलाइन से पहले करने पर विशेष जोर दिया।

ये भी पढ़े :खैरागढ़ में अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, 120 पौवा देशी शराब के साथ महिला गिरफ्तार

‘हर घर तिरंगा’ अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित किए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों की भी बैठक में समीक्षा की गई। सुश्री पद्माकर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को जिले में व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जिले के अधिक से अधिक घरों, शासकीय भवनों, विद्यालयों एवं पंचायत भवनों में तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए।

उन्होंने अभियान के संबंध में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आमजन, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, स्व-सहायता समूहों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय सहित सभी जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने तथा समारोह को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर ने कहा कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं का लाभ दिलाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों से विभागीय कार्यों में तत्परता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने तथा आमजन की समस्याओं के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।

बैठक में अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, अपर कलेक्टर श्री गुड्डू लाल जगत सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *