रायपुर : राजधानी रायपुर में आजाद चौक के पास हुए विवाद के बाद कार का पीछा कर बैरन बाजार में पत्थर मारने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद CCTV फुटेज और घटना में प्रयुक्त वाहन के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और करीब एक घंटे के भीतर दोनों को हिरासत में ले लिया गया।
आजाद चौक में हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना 21 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे की है। प्रार्थी प्रीतम सिंह अपने परिवार के साथ गणेश पंडाल देखने और घूमने निकले थे। इसी दौरान आजाद चौक के पास उनका दो युवकों से विवाद हो गया।
मौके पर पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को समझाइश दी, जिसके बाद विवाद शांत हो गया। इसके बाद प्रार्थी अपने परिवार के साथ कार से वहां से आगे निकल गए।
बैरन बाजार तक किया कार का पीछा
पुलिस के मुताबिक, विवाद के बाद दोनों युवक प्रार्थी की कार का पीछा करते हुए आगे आए। बैरन बाजार क्षेत्र में मौका पाकर उन्होंने कार के पीछे के कांच पर पत्थर मार दिया। पत्थर लगने से कार का पिछला कांच टूट गया।
घटना के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
CCTV और वाहन नंबर से हुई पहचान
पुलिस टीम ने घटना से जुड़े CCTV फुटेज खंगाले। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन के नंबर के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पहचान होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को करीब एक घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया।
ये दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कृष यादव (19), निवासी खो-खो पारा, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर और आदित्य सिंह ठाकुर (22), निवासी खो-खो पारा, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर को गिरफ्तार किया है।
प्रकरण में अपराध क्रमांक 385/2026 के तहत धारा 296, 125, 324(1), 3(5) बीएनएस में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।
सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा करने वालों पर कार्रवाई जारी
सिटी कोतवाली पुलिस के अनुसार, सार्वजनिक स्थानों पर विवाद, हंगामा या अशांति पैदा करने वाले लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने लोकशांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की बात कही है।




