‘ये प्रेम मोल लिया’ या ‘गनमास्टर जी9’… पहले दिन की कमाई में कौन निकला आगे?

Spread the love

27 नवंबर को सिनेमाघरों में दो अलग-अलग जॉनर की हिंदी फिल्में दर्शकों के सामने आई हैं। एक तरफ सूरज आर बड़जात्या की रोमांटिक फैमिली ड्रामा फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ है, जिसमें आयुष्मान खुराना और शरवरी की नई जोड़ी नजर आ रही है। दूसरी ओर इमरान हाशमी की एक्शन थ्रिलर ‘गनमास्टर जी9’ ने सिनेमाघरों में दस्तक दी है। दोनों फिल्मों के बीच पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला देखने को मिल रहा है। हालांकि शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि फिलहाल किसी भी फिल्म ने बड़ी बढ़त हासिल नहीं की है और दोनों के बीच अंतर काफी कम है। बात करें, ‘ये प्रेम मोल लिया’ के रिव्यू के बारे में तो इसे शानदार 3 रेटिंग मिली है।

‘ये प्रेम मोल लिया’ ने पहले दिन कितनी कमाई की?

आयुष्मान खुराना और शरवरी स्टारर ‘ये प्रेम मोल लिया’ ने पहले दिन के शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़ों में मामूली बढ़त बना रखी है। 27 नवंबर को सामने आए लाइव एस्टिमेट के मुताबिक, फिल्म ने भारत में 4 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया था। वहीं, इसका इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 4.70 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। फिल्म को पहले दिन देशभर में 7,251 शोज मिले और इसकी ऑक्यूपेंसी 9 प्रतिशत रही। शुरुआती आंकड़ों के आधार पर फिल्म ने अपने प्रतिद्वंद्वी से थोड़ी बेहतर कमाई की है। हालांकि, ये आंकड़े अभी लाइव अनुमान हैं और दिन खत्म होने के साथ इनमें बदलाव हो सकता है।

ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ में 1,355 पदों पर नौकरी का मौका, 4 दिसंबर को लगेगा संभाग स्तरीय रोजगार मेला

इमरान हाशमी की ‘गनमास्टर जी9’ का कैसा रहा प्रदर्शन?

दूसरी तरफ इमरान हाशमी की एक्शन थ्रिलर ‘गनमास्टर जी9’ भी पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा पीछे नहीं है। फिल्म ने भारत में पहले दिन 3.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। इसका इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 4.30 करोड़ रुपये तक पहुंचा। फिल्म को पहले दिन 7,740 शोज मिले, जो ‘ये प्रेम मोल लिया’ के मुकाबले ज्यादा हैं। इसके बावजूद कमाई के मामले में यह आयुष्मान की फिल्म से थोड़ी पीछे रही। ‘गनमास्टर जी9’ की ऑक्यूपेंसी भी 9 प्रतिशत दर्ज की गई। यानी ज्यादा शोज मिलने के बावजूद फिल्म फिलहाल कमाई में अपनी प्रतिद्वंद्वी को पछाड़ नहीं सकी है।

‘रामायण’ की मजबूत पकड़ के बीच नई फिल्मों के सामने चुनौती

दो नई फिल्मों के इस मुकाबले में एक बड़ा फैक्टर रणबीर कपूर और यश स्टारर ‘रामायण’ भी है। फिल्म 5 नवंबर को रिलीज हुई थी और 27 नवंबर को इसका सिनेमाघरों में 23वां दिन है। इस दौरान भी फिल्म की कमाई जारी है। दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, ‘रामायण’ ने 23वें दिन 8.45 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इसका भारत में नेट कलेक्शन 1,001.42 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 1,196.13 करोड़ रुपये हो चुका है। वहीं, फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1,777 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

‘रामायण’ की लगातार मजबूत कमाई नई रिलीज फिल्मों के लिए चुनौती बनी हुई है। दर्शकों के पास पहले से ही एक बड़ी फिल्म का विकल्प मौजूद है, ऐसे में ‘ये प्रेम मोल लिया’ और ‘गनमास्टर जी9’ को अपनी ओर दर्शकों का ध्यान खींचने के लिए मजबूत वर्ड ऑफ माउथ की जरूरत होगी। फिलहाल दोनों फिल्मों के बीच पहले दिन का अंतर बेहद मामूली है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि शाम और रात के शोज में किस फिल्म को ज्यादा दर्शक मिलते हैं और वीकेंड पर कौन अपनी कमाई की रफ्तार बढ़ा पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *