धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पेट्रोल पंप परिसर में आगजनी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में घटना के पीछे जो वजह सामने आई, वह बेहद चौंकाने वाली है। आरोपी ने पेट्रोल पंप के सामने खुले नाले में गिरने के बाद बाढ़ के पानी में बहकर हुई एक बच्ची की मौत से आक्रोशित होकर आगजनी की वारदात को अंजाम दिया था।
आधी रात पेट्रोल पंप पहुंचा, नोजल में आग लगाने की कोशिश
मामला मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा स्थित मातारानी पेट्रोल पंप का है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान जीवन निषाद (47), निवासी वार्ड क्रमांक-1 मेघा के रूप में हुई है।
बताया गया कि 1 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे आरोपी पेट्रोल पंप परिसर में पहुंचा। वहां उसने गाली-गलौज करते हुए पेट्रोल नोजल में आग लगाने का प्रयास किया। जब वह इसमें सफल नहीं हुआ तो परिसर में खड़ी दो बाइकों को माचिस से आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना के संबंध में मगरलोड थाने में अपराध क्रमांक 194/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 326(एफ) और 324(4) के तहत मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आई आगजनी की वजह
पुलिस पूछताछ में जीवन निषाद ने बताया कि 26 सितंबर को पेट्रोल पंप के सामने खुले नाले में एक बच्ची गिर गई थी। इसके बाद वह महानदी में आई बाढ़ के पानी में बह गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोपी के मुताबिक वह बच्ची को अपनी बेटी की तरह मानता था। बच्ची की मौत से वह बेहद आक्रोशित था। उसने इस घटना के लिए पेट्रोल पंप प्रबंधन को जिम्मेदार माना और इसी गुस्से में पेट्रोल पंप परिसर में आगजनी कर दी।
माचिस और कपड़े जब्त, न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा आरोपी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई माचिस और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
पुलिस ने की लोगों से अपील
धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी घटना या दुर्घटना से आक्रोशित होकर कानून अपने हाथ में न लें। किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ शिकायत होने पर पुलिस अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी सूचना दें। पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने में आम लोगों से सहयोग की अपील की है।




