हीराबतर में थाना प्रभारी की जनचौपाल, नशे से लेकर साइबर ठगी तक ग्रामीणों को किया जागरूक

Spread the love

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद /छुरा : थाना क्षेत्र के ग्राम हीराबतर में छुरा थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर जनचौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर गांव के विकास, सामाजिक जागरूकता, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सुविधाओं और अपराध मुक्त समाज के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसी भी गांव के समग्र विकास के लिए स्वच्छ वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार के अवसर, बेहतर स्कूल एवं अस्पताल के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का आपसी सहयोग तथा सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों को इन सभी क्षेत्रों में सकारात्मक पहल करने के लिए शुभकामनाएं भी दीं।चौपाल के दौरान थाना प्रभारी ने वर्तमान समय में मोबाइल फोन के बढ़ते उपयोग को देखते हुए उसके सदुपयोग और दुरुपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल जहां ज्ञान, शिक्षा और सूचना का सशक्त माध्यम है, वहीं असावधानी बरतने पर यह साइबर अपराध और धोखाधड़ी का कारण भी बन सकता है। इसलिए सोशल मीडिया का उपयोग करते समय विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है।उन्होंने अपराध मुक्त समाज की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों को भारतीय दंड संहिता और भारतीय न्याय संहिता के बीच अंतर की जानकारी दी। साथ ही कानून के प्रति जागरूक रहने, पुलिस और आम नागरिकों के बीच मित्रवत संबंध बनाए रखने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही सुरक्षित एवं अपराध मुक्त समाज का निर्माण संभव है।

नशामुक्त समाज निर्माण पर विशेष जोर
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। एक शिक्षित, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए युवाओं को विशेष रूप से आगे आकर सकारात्मक वातावरण तैयार करना चाहिए।

महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
महिला संबंधी अपराधों पर चर्चा करते हुए उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, उनके कानूनी अधिकारों तथा महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को रोकने के लिए सामाजिक जागरूकता और समय पर शिकायत करना जरूरी है। साथ ही न्यायालय की कार्यप्रणाली एवं कानूनी प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं।

ये भी पढ़े :रामलीला मैदान से राहुल गांधी का बड़ा ऐलान, बोले- ‘ज्ञानेश कुमार पद से हटेंगे और जेल जाएंगे’

साइबर ठगी से बचने बताए सुरक्षा के उपाय
चौपाल में साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को समझाया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपनी ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी अथवा गोपनीय विवरण साझा न करें। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क करने और संदिग्ध संदेशों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।उन्होंने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी देते हुए बताया कि समय पर शिकायत करने से ठगी की राशि को रोकने की संभावना बढ़ सकती है।

यातायात नियमों के पालन की भी की अपील
यातायात सुरक्षा के संबंध में उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने तथा लापरवाही से वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियम केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा का माध्यम हैं।इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रमुखों सहित महिला, पुरुष एवं युवा वर्ग के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। थाना प्रभारी की इस जनचौपाल को ग्रामीणों के बीच पुलिस और आम जनता के बेहतर संवाद, कानूनी जागरूकता तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने की एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *