कोरिया : छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। बैकुंठपुर तहसील क्षेत्र में जांच के दौरान बिना वैध पारपत्र के रेत ले जा रहे एक मिनी हाईवा और चार ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है। सभी वाहनों को सिटी कोतवाली थाना बैकुंठपुर की अभिरक्षा में रखा गया है।

जानकारी के मुताबिक, कलेक्टर के निर्देश पर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसी अभियान के तहत गुरुवार को खनिज विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने बैकुंठपुर तहसील क्षेत्र में वाहनों की जांच की। इस दौरान पांच वाहन बिना वैध पारपत्र के रेत का परिवहन करते पाए गए।
इन पांच वाहनों को किया गया जब्त
कार्रवाई के दौरान पंकज पांडे का मिनी हाईवा क्रमांक CG 16 CH 4388, विश्वनाथ राजवाड़े का फार्म ट्रैक्टर, अशोक जायसवाल का सोनालिका ट्रैक्टर, पंकज जायसवाल का पावरट्रैक ट्रैक्टर और सोमरसाय का सोनालिका ट्रैक्टर जब्त किया गया।
वाहन मालिकों के खिलाफ दर्ज हुए प्रकरण
खनिज विभाग के अनुसार, संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खनिज अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कलेक्टर के निर्देश और मार्गदर्शन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा। विभाग की ओर से ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।




