CG Politics: ‘कांग्रेस पहले ही हार मान चुकी है’, वोट चोरी के आरोपों पर डिप्टी सीएम अरुण साव का पलटवार, SIR पर भी साधा निशाना

Spread the love

रायपुर :  छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के ‘वोट चोरी’ अभियान पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पलटवार करते हुए पार्टी पर बेवजह आरोप लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी कमजोरियों पर विचार करने के बजाय कानूनी प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है। इससे साफ है कि कांग्रेस 17 नगरीय निकायों के चुनाव में अपनी हार पहले ही स्वीकार कर चुकी है और अब हार के बहाने तलाश रही है।

गुरुवार को मीडिया से चर्चा के दौरान अरुण साव ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सोशल मीडिया पोस्ट पर भी निशाना साधा। बघेल ने पोस्ट में लिखा था कि राहुल गांधी के सामने सबकी लाइन-लेंथ बिगड़ रही है। इस पर साव ने तंज कसते हुए कहा कि किसकी लाइन-लेंथ बिगड़ रही है, यह पूरा देश देख रहा है। उन्होंने विपक्षी नेताओं के आपसी मेल-मिलाप पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे किनसे हाथ मिला रहे हैं और गले मिल रहे हैं, लेकिन कोई उन्हें भाव नहीं दे रहा है। साव ने दावा किया कि जिस नेता के नेतृत्व में कांग्रेस 100 चुनाव हार चुकी है, उसे कौन महत्व देगा।

SIR के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा, घुसपैठियों के पक्ष में खड़े होने का लगाया आरोप

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा के कार्टून पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस घुसपैठियों के पक्ष में खड़ी हो रही है और SIR को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।

ये भी पढ़े :घरौंदा केंद्रों की बदहाल व्यवस्था पर हाईकोर्ट सख्त, बिलासपुर में दिव्यांग को पलंग से बांधने का खुलासा; रायपुर में 4 महिलाओं समेत 5 की मौत

साव ने कहा कि आजादी के बाद देश में 12 बार SIR की प्रक्रिया हो चुकी है और इनमें से 10 बार कांग्रेस की सरकार रही। उस समय इस प्रक्रिया को लेकर देशभर में इस तरह का विरोध नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब कांग्रेस के खाते में वोट ही नहीं हैं, तो वोट चोरी कैसे होगी? उनके मुताबिक, जनता कांग्रेस को वोट नहीं दे रही है, इसलिए पार्टी अब वोट चोरी का मुद्दा उठा रही है।

‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान पर भी बोले अरुण साव

भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को लेकर भी उप मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल देश में अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

साव ने कहा कि भाजपा जनता के बीच जाकर विपक्ष के कामकाज और उसके आरोपों को उजागर करेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिन मुद्दों का आम जनता से सीधा संबंध नहीं है, उन्हें उठाकर देश को अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर घुसपैठियों के साथ खड़े होने और ऐसे लोगों को मतदाता सूची में बनाए रखने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया, जो उनके मुताबिक मतदाता बनने की पात्रता नहीं रखते। उन्होंने विदेशी षड्यंत्र के जरिए देश को अस्थिर करने की कोशिश किए जाने की बात भी कही।

फिलहाल SIR और वोट चोरी के आरोपों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज है। नगरीय निकाय चुनाव से पहले दोनों दल इन मुद्दों को लेकर एक-दूसरे पर हमलावर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *