रायपुर में कांग्रेस नेता पर दुष्कर्म और धमकी देने का आरोप, FIR दर्ज; आरोपी फरार

Spread the love

आरंग/रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता उपेंद्र भारती के खिलाफ एक महिला ने दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी की तलाश की जा रही है। संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी गई, लेकिन वह नहीं मिला।

महिला ने लगाए लंबे समय तक शोषण के आरोप

मामला ग्राम बकतरा का बताया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, आरोपी उपेंद्र भारती कांग्रेस के मंडल प्रभारी हैं और पीड़िता के पड़ोस में रहते हैं। महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी कई महीनों से देर रात उसके घर में घुसकर जबरन शारीरिक संबंध बनाता था। विरोध करने पर उसने महिला और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति रोजी-रोटी के सिलसिले में जिले से बाहर रहता है। महिला का आरोप है कि आरोपी के कथित शोषण के कारण उसके बच्चे हुए, लेकिन अब वह उन्हें अपनाने से इनकार कर रहा है। शिकायत में कहा गया है कि इस घटनाक्रम से उसका पारिवारिक और वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ है।

ये भी पढ़े :घर के पीछे मिले गांजे के 425 पौधे, 21 साल पुरानी सजा हाईकोर्ट ने की रद्द; जानिए क्यों हुआ आरोपी बरी

अन्य महिलाओं का जिक्र कर डराने का भी आरोप

शिकायत पत्र में महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसे गांव की अन्य महिलाओं के साथ अपने कथित व्यवहार का हवाला देकर डराता था। पीड़िता के मुताबिक, उसे धमकी दी जाती थी कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया, तो उसे भी गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि भय के कारण गांव के कुछ लोग उसके खिलाफ बोलने से बचते हैं।

 BNS की धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2), 115(2) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस टीम आरोपी के संभावित ठिकानों और निवास पर दबिश दे रही है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने पीड़िता और उसकी नवजात बच्ची की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात भी कही है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और उसकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *