बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए MCB प्रशासन का मिशन मोड, हर स्कूल बनेगा रिजल्ट चैंपियन

Spread the love

एमसीबी : आगामी बोर्ड परीक्षा 2027 में जिले का परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के लिए मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) प्रशासन ने मिशन मोड में तैयारी शुरू कर दी है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संतन देवी जांगड़े ने गुरुवार को शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों, प्राचार्यों और शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अब हर विद्यालय परिणाम आधारित कार्ययोजना पर काम करेगा और प्रत्येक विद्यार्थी की प्रगति की नियमित निगरानी होगी।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, जिला शिक्षा अधिकारी रविकांत यादव सहित सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।

कमजोर छात्रों पर रहेगा विशेष फोकस

कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा पास कराने का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों का बोर्ड परिणाम लगातार कमजोर रहा है, वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी और सुधार के लिए अलग रणनीति तैयार की जाएगी।

ये भी पढ़े :धमतरी पुलिस का प्रदेशभर में बजा डंका! ‘पुलिस जज्बा अवार्ड-2026’ में चार अधिकारी राज्य स्तर पर सम्मानित

ग्रीन, येलो और रेड जोन में बांटे जाएंगे विद्यार्थी

बोर्ड परीक्षा की तैयारी को और प्रभावी बनाने के लिए छात्रों को तीन श्रेणियों में वर्गीकृत किया जाएगा—

ग्रीन जोन: मेरिट सूची में आने की क्षमता वाले विद्यार्थी।

येलो जोन: अतिरिक्त मार्गदर्शन से प्रथम श्रेणी प्राप्त करने वाले विद्यार्थी।

रेड जोन: 33 प्रतिशत से कम अंक या कमजोर प्रदर्शन वाले विद्यार्थी।

तीनों वर्गों के लिए अलग-अलग शिक्षण रणनीति और मॉनिटरिंग की जाएगी।

रेड जोन छात्रों के लिए रेमेडियल क्लास

कमजोर छात्रों के लिए नियमित रेमेडियल कक्षाएं संचालित होंगी। गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, भौतिकी, रसायन और लेखाशास्त्र जैसे कठिन विषयों में विशेष कॉन्सेप्ट क्लियरिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे ताकि विद्यार्थियों की बुनियाद मजबूत हो सके।

हर महीने टेस्ट, 30 दिसंबर तक पूरा होगा सिलेबस

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय में मासिक टेस्ट अनिवार्य होंगे। त्रैमासिक और अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की समीक्षा के आधार पर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही कक्षा 10वीं और 12वीं का पूरा पाठ्यक्रम 30 दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा कराया जाएगा।

नोट्स, लेसन प्लान और कक्षा निरीक्षण अनिवार्य

सभी शिक्षकों को प्रतिदिन लेसन प्लान तैयार करने, विद्यार्थियों के नोट्स और गृहकार्य की नियमित जांच करने तथा प्राचार्यों को कक्षाओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

5 साल के प्रश्नपत्रों से होगी तैयारी

विद्यार्थियों को पिछले पांच वर्षों के बोर्ड परीक्षा प्रश्नपत्र हल कराए जाएंगे। प्री-बोर्ड परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित होंगी और उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन क्रॉस इवैल्यूएशन प्रणाली से कराया जाएगा।

अच्छे प्रदर्शन करने वालों को मिलेगा सम्मान

नियमित उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों और बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि लक्ष्य सिर्फ परीक्षा परिणाम सुधारना नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमता को निखारकर जिले को प्रदेश के उत्कृष्ट शिक्षा जिलों में शामिल करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *