नई दिल्ली/लेह : बॉलीवुड फिल्म ‘धुरंधर’ की कहानी, किरदार और डायलॉग्स के साथ-साथ अब फिल्म की शूटिंग लोकेशंस भी दर्शकों की दिलचस्पी का केंद्र बन रही हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में लेह की एक दुकान को ‘वाश्मा बट’ नाम की चाय और बिरयानी की दुकान के रूप में दिखाया गया था। फिल्म की लोकप्रियता के बाद यह जगह अब फैंस के बीच ‘धुरंधर कैफे’ के नाम से चर्चित हो गई है।
लेह आने वाले कई पर्यटक अब इस जगह को अपनी यात्रा में शामिल कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कैफे की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद यहां फिल्म प्रेमियों की आवाजाही भी बढ़ी है।
लेह मार्केट में मौजूद है फिल्म वाली लोकेशन
यह कैफे लेह मार्केट के मॉल रोड पर स्थित है। शूटिंग से पहले इसका नाम एसएच खान रेस्टोरेंट बताया जाता है। फिल्म की कहानी के अनुरूप मेकर्स ने इसे ‘वाश्मा बट’ की दुकान का रूप दिया था।
फिल्म में रणवीर सिंह का किरदार हमजा और गौरव गेरा का किरदार आलम इसी जगह पर कई महत्वपूर्ण बातचीत करते नजर आते हैं। फिल्म रिलीज होने के बाद दर्शकों ने इस लोकेशन को पहचान लिया और सोशल मीडिया पर इसके वीडियो-फोटो शेयर होने लगे।
शूटिंग के बाद भी बरकरार रखा फिल्म वाला लुक
कैफे के मालिक सोहेल अली ने फिल्म की लोकप्रियता के बाद यहां के स्क्रीन लुक को बनाए रखने का फैसला किया। कैफे की हरी दीवारों को उसी तरह रखा गया है, जबकि फिल्म के किरदारों से जुड़े पोस्टर और तस्वीरें भी यहां लगाए गए हैं।
मालिक के मुताबिक, शूटिंग के दौरान भी स्थानीय लोग कलाकारों को देखने के लिए आसपास जमा होते थे। हालांकि फिल्म रिलीज होने के बाद अब देश के अलग-अलग हिस्सों से पर्यटक इस जगह को देखने पहुंच रहे हैं।
मेन्यू में ‘धुरंधर चाय’ भी
कैफे के मेन्यू में पराठे, ऑमलेट, मैगी और रेमन जैसे नाश्ते के विकल्प हैं। इसके अलावा वेज थाली, चिकन थाली, राजमा-चावल सहित कई शाकाहारी और मांसाहारी व्यंजन भी उपलब्ध हैं।
लेकिन फिल्म के प्रशंसकों के लिए सबसे खास आकर्षण यहां मिलने वाली ‘धुरंधर चाय’ है। इसके अलावा नमकीन चाय, कश्मीरी कहवा और लेमन-जिंजर टी भी मेन्यू का हिस्सा हैं।
₹50 में फोटो खिंचवाने का मौका
इस कैफे की एक खास बात यह है कि यहां सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए आने वाले लोगों के लिए खाना ऑर्डर करना जरूरी नहीं बताया जाता। पर्यटक कैफे में प्रवेश कर फिल्म वाली लोकेशन पर तस्वीरें ले सकते हैं और कुछ समय बाद वापस जा सकते हैं। इसके लिए कथित तौर पर ₹50 शुल्क लिया जाता है।
फैंस के अनुभव को और खास बनाने के लिए कैफे में हमजा और आलम के किरदारों से प्रेरित कॉस्ट्यूम और विग भी रखे गए हैं। पर्यटक इन्हें पहनकर फिल्म के किरदारों जैसा लुक तैयार कर सकते हैं और तस्वीरें या वीडियो बना सकते हैं।
सोशल मीडिया ने बढ़ाई लोकप्रियता
फिल्म की रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर कैफे की तस्वीरें और वीडियो तेजी से शेयर किए जाने लगे। पर्यटक यहां पहुंचकर रील और फोटो बना रहे हैं। कुछ लोग फिल्म के दृश्यों को अपने अंदाज में दोहराते हुए भी नजर आते हैं।
कैफे मालिक के मुताबिक, फिल्म में दिखाई गई पहचान को बरकरार रखने का फैसला इसलिए किया गया, ताकि दर्शक यहां पहुंचकर उस माहौल को महसूस कर सकें जिसे उन्होंने पर्दे पर देखा है।
दो हिस्सों में रिलीज हुई ‘धुरंधर’
आदित्य धर की ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी दो हिस्सों में रिलीज हुई। फिल्म का पहला भाग दिसंबर 2025 में सिनेमाघरों में आया था, जबकि दूसरा भाग मार्च 2026 में रिलीज हुआ।
फिल्म के किरदारों और कहानी के साथ इसकी शूटिंग लोकेशंस को लेकर भी दर्शकों की दिलचस्पी बनी हुई है। इसी कड़ी में लेह का यह कैफे फिल्म प्रेमियों के लिए एक अलग तरह का आकर्षण बनकर सामने आया है।




