धमतरी में प्रार्थना सभा को लेकर बवाल! धर्म परिवर्तन के आरोपों पर हिंदू जागरण मंच का प्रदर्शन, पुलिस जांच शुरू

Spread the love

धमतरी : शहर के वंदना विहार कॉलोनी में एक घर में कथित रूप से चल रही प्रार्थना सभा को लेकर आज जमकर हंगामा हुआ। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और सभा के जरिए धर्म परिवर्तन कराए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

मामला धमतरी के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि वंदना विहार कॉलोनी में लक्ष्मण सिंह के घर पर प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।

मंच के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यहां कथित तौर पर चंगाई सभा आयोजित की जा रही थी। संगठन ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश और बिहार से लोगों को काम दिलाने के नाम पर बुलाया जाता है और बाद में उन्हें इस तरह की सभाओं में शामिल किया जाता है।

हिंदू जागरण मंच ने आरोप लगाया कि सभा में शामिल लोगों को बहला-फुसलाकर और पैसों का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। संगठन ने यह भी दावा किया कि इस तरह की गतिविधियों के लिए बाहर से फंडिंग आने की बात सामने आ रही है।

ये भी पढ़े :संजय सिंह के ‘सरकार हाईजैक’ बयान पर CM साय का पलटवार! बोले- ‘ऐसा कुछ नहीं, डबल इंजन सरकार में तेजी से बढ़ रहा छत्तीसगढ़’

हालांकि, संगठन की ओर से लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इन आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदू जागरण मंच ने छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के तहत मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि जिले में चल रही कथित अवैध प्रार्थना सभाओं की भी जांच की जानी चाहिए।

मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस बड़ी संख्या में मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी ली और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि सभा के आयोजन में किसी कानून का उल्लंघन हुआ है या नहीं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *