बिलासपुर : राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर जयंती के अवसर पर क्षत्रिय राठौर समाज कल्याण समिति, बिलासपुर के तत्वावधान में ग्राम गतौरा में भव्य सामाजिक महासम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक एकजुटता, अनुशासन, संस्कृति और युवा शक्ति का प्रभावशाली संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू रहे। अध्यक्षता जिला ग्रामीण अध्यक्ष धनंजय सिंह राठौर ने की। इस अवसर पर विधायक धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित समाज के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
15 लाख की लागत से बनने वाले हॉल का भूमिपूजन
कार्यक्रम की शुरुआत राजकिशोर नगर स्थित राष्ट्रवीर दुर्गादास स्मृति सामुदायिक भवन परिसर में भूमिपूजन से हुई। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने सांसद निधि से स्वीकृत 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले हॉल का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन किया। महापौर पूजा विधानी की निधि से प्रस्तावित बाउंड्रीवॉल का भी भूमिपूजन किया गया।
मंत्री साहू ने राठौर समाज के अनुशासन, एकता और संगठन शक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुरुषों का सफेद और महिलाओं का पीले परिधान में एकरूपता के साथ शामिल होना समाज की संगठित शक्ति का उदाहरण है।
विकास कार्यों के लिए कई घोषणाएं
महासम्मेलन के दौरान समाज के विकास और सामाजिक भवनों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने गतौरा के सामाजिक भवन में महिलाओं के चेंजिंग रूम के लिए सांसद निधि से 15 लाख रुपये देने की घोषणा की।
विधायक मस्तूरी दिलीप लहरिया ने जिले के चार गांवों में 10-10 लाख रुपये, कुल 40 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण के लिए विधायक निधि से राशि देने की घोषणा की। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने ग्राम रांक में सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपये और जनपद पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बिंझवार ने सामाजिक कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
केंद्रीय राज्य मंत्री की अगुआई में निकली भव्य बाइक रैली
भूमिपूजन के बाद राजकिशोर नगर से ग्राम गतौरा तक विशाल बाइक रैली निकाली गई। ‘जय राठौर’ और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष के बीच केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने स्वयं बाइक चलाकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया। हजारों की संख्या में युवाओं ने रैली में हिस्सा लिया। गतौरा पहुंचने पर रैली का भव्य स्वागत किया गया।
महासम्मेलन का शुभारंभ राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर और भगवान श्रीराम के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। वक्ताओं ने समाज को संगठित और अनुशासित रहने तथा युवाओं को शिक्षा, सामाजिक सेवा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने राठौर समाज के संगठनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए समाज की एकता को इसी तरह मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।
डिजिटल ऐप से होगी सामाजिक जनगणना
प्रदेश अध्यक्ष पवन राठौर ने बताया कि समाज को और अधिक संगठित करने के उद्देश्य से जल्द ही एक डिजिटल ऐप तैयार कर सामाजिक जनगणना शुरू की जाएगी। महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष षष्ठी राठौर ने समाज के विकास में मातृशक्ति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए महिलाओं से हर क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया।
वरिष्ठ समाजबंधुओं का सम्मान
महासम्मेलन के दूसरे चरण में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ समाजबंधुओं को शाल, श्रीफल और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इंजीनियर नवनीत सिंह राठौर द्वारा राठौर समाज के इतिहास और शौर्यगाथा पर आधारित गीत की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।
महासम्मेलन में बिलासपुर जिले के नौ ग्रामों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों, समाज प्रमुखों, युवाओं, मातृशक्ति और वरिष्ठजनों सहित हजारों की संख्या में समाजबंधु शामिल हुए। जांजगीर जिले से क्षत्रिय राठौर समाज के अध्यक्ष शिव कुमार राठौर सहित महेश राठौर, गोवर्धन राठौर, अरविंद राठौर, रविन्द्र राठौर, अमरनाथ राठौर तथा आयोजन समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे। सामाजिक एकता और संगठन को मजबूत करने के संकल्प के साथ महासम्मेलन का समापन हुआ।


