बेटी को ससुराल से लाने पर भड़का साला, जीजा को ग्राउंड में पटक-पटककर मार डाला

Spread the love

बैकुंठपुर (कोरिया) :  छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। अपनी छह वर्षीय बेटी को ससुराल से लेकर घर लौट रहे एक व्यक्ति की उसके ही साले ने कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने गांव के ग्राउंड में जीजा को जमीन पर पटक-पटककर पीटा और उसके सीने, पेट तथा गले पर पैर रखकर गंभीर चोटें पहुंचाईं। हमले में 42 वर्षीय जितेंद्र बसोर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में साले को गिरफ्तार कर लिया है।

बेटी को लेकर लौट रहा था जीजा, पीछे-पीछे पहुंचा आरोपी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 16 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे थाना बैकुंठपुर क्षेत्र के ग्राम सलका के बसोरपारा में हुई। मृतक जितेंद्र बसोर (42 वर्ष), पिता लाल बसोर, अपनी छह वर्षीय बेटी को ससुराल से लेकर घर लौट रहा था।

बताया गया कि बेटी को लेकर आने की बात से उसका साला सनी बसोर (20 वर्ष), पिता गुड्डू बसोर, नाराज था। इसी नाराजगी में वह जितेंद्र के पीछे-पीछे घर से कुछ दूरी पर स्थित सलका गांव के ग्राउंड तक पहुंच गया।

ये भी पढ़े :कच्चा सोना बताकर थमा दिया नकली टुकड़ा, 20 हजार की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

जमीन पर पटककर सीने, पेट और गले पर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, ग्राउंड में पहुंचने के बाद आरोपी ने जितेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने जीजा को जमीन पर पटक-पटककर पीटा और उसके सीने, पेट व गले पर पैर रखकर गंभीर चोटें पहुंचाईं। हमले में जितेंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हत्या का मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 347/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सनी बसोर को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

छह साल की मासूम के सिर से उठा पिता का साया

इस वारदात ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। छह साल की बच्ची ने अपने पिता को खो दिया। वहीं गांव में घटना के बाद शोक का माहौल है। मामूली पारिवारिक विवाद से शुरू हुआ घटनाक्रम हत्या तक पहुंच गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *